18 शिक्षकों को शिक्षादूत और तीन को ज्ञानदीप पुरस्कार से किया सम्मानित

18 शिक्षकों को शिक्षादूत और तीन को ज्ञानदीप पुरस्कार से किया सम्मानित

सूरजपुर । जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण अंतर्गत शिक्षक सम्मान समारोह 2026 का आयोजन मंगल भवन सूरजपुर में किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक शालाओं के 18 शिक्षकों को शिक्षादूत पुरस्कार तथा माध्यमिक शालाओं के तीन चयनित शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी रहे। अध्यक्षता कलेक्टर रेना जमील ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

मुख्य अतिथि श्री मरावी ने गुरु की महिमा बताते हुए शिक्षकों से विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कलेक्टर रेना जमील ने शिक्षकों को बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने के साथ ही कक्षा शिक्षण में नवाचार एवं नवीन टीएलएम का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने नवाचारी शिक्षकों के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।

शिक्षादूत पुरस्कार के तहत प्राथमिक शाला के शिक्षकों को 5 हजार रुपये नगद, प्रशस्ति पत्र एवं शाल-श्रीफल तथा ज्ञानदीप पुरस्कार के तहत माध्यमिक शाला के शिक्षकों को 7 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं शाल-श्रीफल प्रदान किया गया।

शिक्षादूत पुरस्कार से भैयाथान के सतीश प्रताप सिंहदेव, जुगेंद्र कुमार सोनी एवं मंजूलता साहू, ओड़गी के जगन्नाथ सिंह, दीपक राम राजवाड़े एवं महिपाल, प्रेमनगर की सुधा सिंह, रघुवीर सिंह एवं कैलाश राम साहू, प्रतापपुर के लालसाय, अंजेला लकड़ा एवं शांति सिंह, रामानुजनगर की उर्मिला सिंह, विश्वनाथ सिंह एवं नीलू ठाकुर तथा सूरजपुर विकासखंड की सुमित्रा गुप्ता, कन्नीलाल सिंह एवं जीवंती एक्का को सम्मानित किया गया।

वहीं ज्ञानदीप पुरस्कार से रामानुजनगर की रुक्मणी सिंह, सूरजपुर की एम. टोप्पो तथा भैयाथान के बृजेंद्र भारती को सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सूरजपुर को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।

स्वागत उद्बोधन जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक ने किया। संचालन सीमांचल त्रिपाठी ने किया तथा आभार सहायक संचालक अजय सिंह ने व्यक्त किया। राजगीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक, पुरस्कृत शिक्षकों के परिजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।