3 दिन का आयुष्मान महाअभियान शुरू: पहले ही दिन 2458 कार्ड बने, वंचित परिवारों तक प्रशासन की दस्तक

3 दिन का आयुष्मान महाअभियान शुरू: पहले ही दिन 2458 कार्ड बने, वंचित परिवारों तक प्रशासन की दस्तक
3 दिन का आयुष्मान महाअभियान शुरू: पहले ही दिन 2458 कार्ड बने, वंचित परिवारों तक प्रशासन की दस्तक

सूरजपुर।बीमारी की मार से जूझते जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत की किरण बनकर जिले में तीन दिवसीय आयुष्मान कार्ड महाअभियान की शुरुआत हुई। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर जिले के सभी छह विकासखंडों में एक साथ अभियान चलाया गया। पहले ही दिन 2458 से अधिक आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड बनाकर प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिया कि इस बार कोई पात्र हितग्राही छूटेगा नहीं। साथ ही बीमारी कब दस्तक दे दे, कोई नहीं जानता-लेकिन समय रहते बना एक आयुष्मान कार्ड किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल सकता है। प्रशासन का यह प्रयास उन हजारों घरों के लिए उम्मीद का संबल बन रहा है, जहां अब इलाज की चिंता से ज्यादा भरोसा नजर आने लगा है।

घर-घर पहुंच रही टीम, वंचितों को मिल रहा हक

सीएमएचओ डा. कपिल पैकरा ने बताया कि माइक्रोप्लान के तहत उन ग्राम पंचायतों को विशेष प्राथमिकता दी गई, जहां 200 से अधिक पात्र हितग्राही अब तक योजना से वंचित थे। स्वास्थ्य विभाग, पंचायत अमला, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम घर-घर पहुंचकर कार्ड पंजीयन कर रही है, ताकि बीमारी के समय आर्थिक तंगी किसी परिवार की जिंदगी पर भारी न पड़े।

इन गांवों में विशेष फोकस

अभियान के तहत विकासखंड सूरजपुर के शिवनंदनपुर, गोविंदपुर, सतपता, कुंज नगर, बसदेई, कसकेला; रामानुजनगर के सुरता, परशुरामपुर, देवनगर, मदानेश्वरपुर; भैयाथान के बत्रा, बरसेगा, बनजा, लक्ष्मीपुर; ओडगी के नवगई, बिहरपुर, अवंतिकापुर, पार्सल खोहिर; तथा प्रतापपुर के खडगंवा कला, सोनगरा, श्यामनगर, डांडकरवा सहित कई ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए गए।

इलाज का भरोसा, सम्मान की सुरक्षा

आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में उपचार का आर्थिक कवच प्रदान करती है, वहीं वय वंदना कार्ड वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा का आधार बन रहा है। ऐसे में यह महाअभियान केवल कार्ड बनाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि उन परिवारों के लिए जीवन की सुरक्षा का दस्तावेज है, जो इलाज के खर्च से डरकर अस्पताल की दहलीज तक नहीं पहुंच पाते।

28 फरवरी तक चलेगा अभियान

जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी पात्र नागरिक अपने नजदीकी शिविर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला चिकित्सालय में पहुंचकर पंजीयन अवश्य कराएं। अभियान 28 फरवरी तक लगातार जारी रहेगा।