41 साल से जारी है कालामांजन की फुटबॉल परंपरा, 2 अक्टूबर से फिर गूंजेगा मैदान

41 साल से जारी है कालामांजन की फुटबॉल परंपरा, 2 अक्टूबर से फिर गूंजेगा मैदान

ओड़गी। गांव-कस्बों में खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होता, बल्कि कई युवाओं के लिए अपनी पहचान बनाने और सपनों को पंख देने का रास्ता भी होता है। इसी सोच के साथ कालामांजन में शुरू हुई फुटबॉल प्रतियोगिता अब 41 वर्षों की लंबी यात्रा पूरी कर चुकी है। गणेश उत्सव आयोजन समिति कालामांजन, ओड़गी द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष 2 अक्टूबर से किया जाएगा, जिसका फाइनल मुकाबला 11 अक्टूबर को होगा।

वर्ष 1985 में ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को खेल का बेहतर मंच देने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने के उद्देश्य से शुरू हुई यह प्रतियोगिता आज क्षेत्र की एक पुरानी और लोकप्रिय खेल परंपरा बन चुकी है। चार दशक से अधिक समय से प्रतियोगिता का लगातार आयोजन होना अपने आप में इस बात की गवाही है कि गांवों में खेल और खिलाड़ियों के प्रति लोगों का लगाव आज भी मजबूत है।

आयोजन समिति की 29 अगस्त 2026 को हुई बैठक में प्रतियोगिता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बार विजेता टीम को 41 हजार रुपये और शील्ड, उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये और शील्ड, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये तथा चतुर्थ स्थान की टीम को 11 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। इसके अलावा दो टीमों को 7,500-7,500 रुपये का सांत्वना पुरस्कार और एक टीम को 5 हजार रुपये का विशेष सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। इस तरह कुल आठ टीमों को पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से टीमों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी सहित संभाग के अन्य जिलों की इच्छुक टीमें 1,500 रुपये प्रवेश शुल्क जमा कर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकती हैं। इस वर्ष अधिकतम 16 टीमों को प्रवेश दिया जाएगा। टीमों के पंजीयन की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमें 9754808192 और 9340060242 पर संपर्क कर सकती हैं।

खेल के साथ गांव की उम्मीदों का भी उत्सव

कालामांजन की यह प्रतियोगिता सिर्फ मैदान में दो टीमों के बीच मुकाबले तक सीमित नहीं है। हर साल यहां जुटने वाले खिलाड़ी, दर्शक और खेलप्रेमी इस आयोजन को एक उत्सव का रूप देते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के कई खिलाड़ियों के लिए ऐसे आयोजन अपनी प्रतिभा दिखाने का पहला बड़ा अवसर होते हैं। मैदान पर दौड़ते युवाओं के साथ उनके परिवार और गांव की उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं।

आयोजन समिति का प्रयास है कि इस वर्ष भी प्रतियोगिता को बेहतर तरीके से आयोजित कर अधिक से अधिक ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले। 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में अभी से उत्साह दिखाई देने लगा है।

आयोजन समिति में यह है शामिल 

वर्ष 2026 के आयोजन के लिए बेन बहादुर सिंह, बाबूलाल सिंह मरापो (जिला पंचायत सदस्य), संजय कुमार यादव, राम गुलाब सिंह और जेठू सिंह को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।आयोजन समिति में अध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपाध्यक्ष शिवबालक राम यादव एवं धर्मराज सिंह, सचिव सुरेश कुमार यादव, सहसचिव जयप्रकाश सिंह, कोषाध्यक्ष शुभम सिंह, सह कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, खेल प्रभारी ओम प्रकाश सिंह तथा मीडिया प्रभारी मोहन राम राजवाड़े शामिल हैं। इनके साथ मो. शाकिर अंसारी, अचलधारी सिंह, शंकर सिंह, भुवनेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।