अस्पतालों में जिम्मेदारी बड़ी, जेब खाली: जेडीएस कर्मचारियों ने कम मानदेय पर जताई नाराजगी, सीएमएचओ को सौंपा स्मरण पत्र
सूरजपुर।जिले में जीवन दीप समिति (जेडीएस) के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों ने कम मानदेय और लगातार अनदेखी किए जाने को लेकर नाराजगी जताई है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी प्रकोष्ठ संघ की जिला इकाई सूरजपुर के जेडीएस कर्मचारियों ने शनिवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. कपिल देव पैकरा को स्मरण पत्र सौंपते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की।कर्मचारियों का कहना है कि जिले के विभिन्न अस्पतालों में जीवन दीप समिति के माध्यम से कार्यरत कर्मचारी लंबे समय से जिम्मेदारीपूर्ण कार्य कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मजदूरी दर से भी कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। बढ़ती महंगाई के दौर में इतना कम मानदेय मिलने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है और परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल होता जा रहा है।जेडीएस कर्मचारियों ने बताया कि वे कई बार उच्च अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिलकर अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश का माहौल है।प्रकोष्ठ संघ के जिलाध्यक्ष निलेश कुमार साहू ने कहा कि जेडीएस कर्मचारी अस्पतालों में विभिन्न आवश्यक सेवाओं में अपनी भूमिका निभाते हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में अहम योगदान देते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कम मानदेय के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है और कई कर्मचारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस निर्णय लिया जाए और जेडीएस कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि की जाए, ताकि उन्हें सम्मानजनक पारिश्रमिक मिल सके और वे बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकें।