करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री का आगमन:आदिवासी संस्कृति के उत्सव के साथ मिलेंगी विकास की कई सौगातें

करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री का आगमन:आदिवासी संस्कृति के उत्सव के साथ मिलेंगी विकास की कई सौगातें

सूरजपुर। जिले के लिए शनिवार, 17 जनवरी का दिन खास होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भटगांव तहसील के ग्राम चुनगड़ी (खोखापारा) पहुंचेंगे, जहां वे पारंपरिक करमा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और रात्रि विश्राम को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है।करमा महोत्सव जैसे आदिवासी लोकपर्व में मुख्यमंत्री की सहभागिता से क्षेत्र की लोकसंस्कृति, परंपराओं और कला को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह आयोजन सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त मंच भी बनेगा।

लोकार्पण से मिलेगी विकास को गति

मुख्यमंत्री अपने सूरजपुर प्रवास के दौरान विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न विभागों के 5501.47 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।इनमें लोक निर्माण विभाग (सड़क/भवन), पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्य शामिल हैं, जिससे सड़क, भवन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

करीब 11797.80 लाख के कार्यों का होगा भूमिपूजन

इसके अलावा मुख्यमंत्री 11797.80 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का शिलान्यास/भूमिपूजन करेंगे।इनमें लोक निर्माण विभाग (सड़क/भवन व सेतु मंडल), पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उद्यान, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित जिला अग्रणी बैंक सूरजपुर के अंतर्गत प्रस्तावित कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण अधोसंरचना, सिंचाई, स्वरोजगार और जनकल्याण को नई दिशा मिलेगी।

हितग्राहियों को सामग्री वितरण

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी मिलेगा, इनमें प्रमुख रूप से मछली पालन विभाग द्वारा नाव-जाल का वितरण।महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण।छह महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित रेडी टू ईट इकाइयों का शुभारंभ, जिससे 130 महिलाओं को रोजगार मिलेगा साथ ही जिला अग्रणी बैंक सूरजपुर अंतर्गत ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ करेंगे।

प्रशासन सतर्क, तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर एस. जयवर्धन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच, सुरक्षा, यातायात और बैठक व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री का यह दौरा करमा महोत्सव के बहाने आदिवासी संस्कृति के सम्मान और जिले के सर्वांगीण विकास का संदेश देगा। सूरजपुर परंपरा और प्रगति—दोनों का साक्षी बनने जा रहा है।