कांग्रेस का हल्ला बोल: पांच सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल धरना, सड़कों पर चक्का जाम
सूरजपुर। आज कांग्रेस ने प्रकाश इंडस्ट्रीज के भारी वाहनों से उत्पन्न समस्याओं और जर्जर सड़कों के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के प्रदेश महासचिव सैय्यद आमिल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और प्रभावित क्षेत्रवासियों ने महगंवा रिंग रोड पर विशाल धरना-प्रदर्शन और सड़क चक्का जाम कर अपनी पांच सूत्रीय मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।सैय्यद आमिल ने कहा कि सूरजपुर शहर में प्रकाश इंडस्ट्रीज से संचालित होने वाले भारी वाहन, जैसे हाईवा और ट्रक, महगंवा चौक (वार्ड नंबर 02) से तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन दुर्घटनाओं में न केवल जनहानि हो रही है, बल्कि शहर की सड़कें भी जर्जर हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार प्रशासन को आवेदन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नाराजगी के चलते शहर कांग्रेस कमेटी और अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से यह आंदोलन शुरू किया।
कांग्रेस की पांच सूत्रीय मांगें:
1. भारी वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध नियंत्रण: भारी वाहनों का शहर में प्रवेश रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सीमित किया जाए।
2. जर्जर सड़कों की मरम्मत: भारी वाहनों के कारण खराब हुई सड़कों का तत्काल मरम्मत कार्य शुरू हो।
3. यातायात नियमों का सख्ती से पालन: वाहनों की गति नियंत्रण के लिए उचित प्रबंध किए जाएं।
4. स्पीड ब्रेकर का निर्माण: चौक और स्कूलों के आसपास गति नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
5. दुर्घटना पीड़ितों को सहायता: सड़क दुर्घटना में घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित हो और मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।
प्रदर्शन में उमड़ा जनसैलाब
धरना-प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय दोषी, पूर्व AICC सदस्य सुनील अग्रवाल, कांग्रेस नेता दानिश रफीक, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विमलेश तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवेश गोयल, पार्षद पवन साहू, पार्सद पारस राजवाड़े, पार्षद प्रिंस श्रीवास्तव, भटगांव युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विक्की समद्दार, प्रेमनगर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष परमेश्वर राजवाड़े, NSUI प्रदेश महासचिव कौनेन अंसारी, संजीव सेठी, पूर्व BDC बाबूलाल राजवाड़े, BDC हरि साहू, तनवीर अहमद, मनोज साहू, सरफराज खान अजहर, अख्तर अंसारी, शहीद मोंटी, इम्तियाज खान, अदनान सिद्दीकी, अखलाक वारसी, वसीम ईरानी, फिरोज खान, तहसीन अकरम, अभय, सलमान अली, रमेश साहू, राजपाल कसेरा, रजा अंसारी, राजू पाटले, सजीव कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
प्रशासन को चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सड़कों की स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। धरने के दौरान सड़क चक्का जाम से शहर में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।