कांग्रेस प्रवेश के दावों पर भटगांव में सियासी घमासान तेज: पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के दौरे के बाद भाजपा का पलटवार, भैयाथान और ओड़गी मंडल अध्यक्षों ने बताया भ्रामक प्रचार
भैयाथान/ओड़गी।बीते दिनों पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के भटगांव विधानसभा क्षेत्र भ्रमण के दौरान भाजपा छोड़ कांग्रेस में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की चर्चाओं के बाद से भटगांव विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। सोशल मीडिया में कांग्रेस प्रवेश को लेकर प्रसारित पोस्ट और वीडियो के बाद भाजपा तथा कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। इसी क्रम में भैयाथान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू तथा ओड़गी भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस के दावों को झूठा, भ्रामक और राजनीतिक प्रचार करार दिया है।भैयाथान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि सोशल मीडिया में जिन महिलाओं और लोगों को भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होना बताया जा रहा है, उनमें से कोई भी भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता या पदाधिकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने ही समर्थकों को भाजपा कार्यकर्ता बताकर जनता के बीच भ्रम फैलाने और राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत और जमीनी संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता की पहचान जनता भलीभांति जानती है। कांग्रेस केवल झूठे दावे कर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रही है।सुनील साहू ने कांग्रेस नेताओं से जनता को गुमराह करना बंद करने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फोटो में दिखाई दे रही एक महिला पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लाखों रुपये गबन करने के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों से जवाब मांगा जाना चाहिए, कांग्रेस उन्हें मंच पर माला पहनाकर सम्मानित कर रही है, जिससे कांग्रेस का वास्तविक चरित्र सामने आता है।उन्होंने दावा किया कि भाजपा विकास, सेवा और पारदर्शिता की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस दुष्प्रचार और भ्रम की राजनीति में विश्वास रखती है। उनके अनुसार कांग्रेस के पास अब न कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही जनसमर्थन, इसलिए वह झूठे कांग्रेस प्रवेश का प्रचार कर राजनीतिक वातावरण तैयार करने में लगी हुई है।इधर ओड़गी भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा ने भी सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो और दावों का खंडन करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर फैलाई जा रही जानकारी पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने का प्रचार किया गया, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों को कांग्रेस जॉइन करते हुए दिखाया जा रहा है, वे भाजपा के न तो पदाधिकारी हैं और न ही सक्रिय सदस्य।सत्यनारायण पैकरा ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की जानकारी जानबूझकर सोशल मीडिया में प्रसारित की जा रही है ताकि जनता को भ्रमित किया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा इसका पूर्ण रूप से खंडन करती है और इसमें भाजपा से किसी भी प्रकार का कोई सक्रिय कार्यकर्ता शामिल नहीं था।उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में आयोजित कांग्रेस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष शशि सिंह की अनुपस्थिति से ही पार्टी की संगठनात्मक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल के चुनावों में कांग्रेस की हार का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी बौखलाहट में इस तरह के प्रचार कर रही है।भाजपा नेताओं ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करें। इधर कांग्रेस लगातार भाजपा में बढ़ती नाराजगी का दावा कर रही है, जबकि भाजपा इसे पूरी तरह प्रायोजित राजनीतिक प्रचार बता रही है। आरोप-प्रत्यारोपों के बीच भटगांव विधानसभा क्षेत्र की राजनीति का माहौल लगातार गर्माता जा रहा है और क्षेत्र की जनता दोनों दलों के दावों को गंभीरता से देख रही है।