थाना अजाक के वार्षिक निरीक्षण में एसपी योगेश पटेल ने परखी व्यवस्थाएं, जवानों से सीधे जाना हाल
सूरजपुर। पुलिस की ड्यूटी केवल कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वर्दी के पीछे खड़े जवानों की अपनी परेशानियां और जिम्मेदारियां भी होती हैं। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने 18 सितंबर 2026 को थाना अजाक का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर से लेकर कार्यालयीन व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों और जवानों के टर्नआउट एवं वेशभूषा का अवलोकन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनकी ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों, कार्य संबंधी जरूरतों और व्यक्तिगत समस्याओं पर खुलकर बातचीत की। जवानों ने भी अपनी परेशानियां उनके सामने रखीं, जिन्हें पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से सुना और यथासंभव समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसके बाद थाना अजाक में संधारित विभिन्न रिकार्ड, दस्तावेज और अभिलेखों की जांच की गई। एसपी ने प्रकरणों की वर्तमान स्थिति तथा लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए सभी दस्तावेजों को समय-समय पर अद्यतन रखने और अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा।उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने के साथ ही पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने की बात कही। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति के लिए थाने तक पहुंचना कई बार आसान नहीं होता, ऐसे में उसकी बात को गंभीरता से सुनना और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।निरीक्षण के दौरान लंबित विभागीय कार्यों को समयसीमा में पूरा करने, थाना स्तर पर अनुशासन बनाए रखने तथा कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने अधिकारियों से कहा कि दस्तावेजी व्यवस्था मजबूत होने के साथ आमजन के प्रति व्यवहार में भी संवेदनशीलता दिखाई देनी चाहिए।वार्षिक निरीक्षण के अवसर पर डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर, थाना प्रभारी अजाक फर्दीनंद कुजूर, स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा एवं रीडर विकास सिंह सहित थाना अजाक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।