परशुराम जयंती पर अम्बिकापुर में भव्य शोभायात्रा , 24 घंटे अखंड रामायण पाठ और महाभिषेक से आरंभ हुए धार्मिक आयोजन...

परशुराम जयंती पर अम्बिकापुर में भव्य शोभायात्रा , 24 घंटे अखंड रामायण पाठ और महाभिषेक से आरंभ हुए धार्मिक आयोजन...

अम्बिकापुर 29 अप्रैल 2025 ।भगवान श्री परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में सरगुजा सर्व ब्राह्मण समाज, अंबिकापुर द्वारा दो दिवसीय धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला मंगलवार को शुरू हुई। आयोजन की शुरुआत प्रातः 9 बजे दुर्गा मंदिर, गांधी चौक परिसर में संगीतमय श्रीरामचरितमानस अखंड रामायण पाठ के साथ हुई। यह पाठ अगले दिन प्रातः 9 बजे तक अनवरत चलेगा। मानस मंडलियों द्वारा भावपूर्ण गायन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

पंचामृत महाभिषेक और पूजन से भक्तिमय माहौल

मंगलवार की दोपहर 4 बजे भगवान श्री परशुराम जी की प्रतिमा का पंचामृत से महाभिषेक किया गया, जिसके पश्चात विशेष पूजन और महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में विप्रबंधु, समाजजन और श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्ति रस में डूबे श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाए।

 निकलेगी भव्य शोभायात्रा, मुख्य मार्गों से होते हुए पहुंचेगी परशुराम मंदिर

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 30 अप्रैल बुधवार को वैशाख शुक्ल पक्ष की अक्षय तृतीया पर आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा रहेगी। यह यात्रा अपराह्न 4 बजे दुर्गा मंदिर, गांधी चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगवान श्री परशुराम मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज के लोग शामिल रहेंगे। शोभायात्रा में नगरवासी भी उमंग और श्रद्धा के साथ भाग लेंगे।

विशेष पूजन, महाआरती और भंडारे के साथ समापन

परशुराम मंदिर में शोभायात्रा के समापन पर शाम 7 बजे भगवान परशुराम जी का विशेष पूजन, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। आयोजन में नगर के संत-महंत, गणमान्य नागरिक व जनप्रतिनिधि भी आमंत्रित हैं। अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति के बाद सामूहिक हवन और आरती भी संपन्न की जाएगी।

समाज ने की अपील - पुण्य लाभ के लिए सपरिवार पधारें

सरगुजा सर्व ब्राह्मण समाज ने सभी विप्रबंधुओं, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से इस पावन अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने की अपील की है।