भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ में शरद चंद्र द्विवेदी को बड़ी जिम्मेदारी, सूरजपुर के जिला सहसंयोजक बनाए गए
सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत सहकारिता प्रकोष्ठ में नई नियुक्तियां करते हुए जिले के वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ता शरद चंद्र द्विवेदी को सूरजपुर का जिला सहसंयोजक नियुक्त किया है। संगठन की ओर से इसे महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है, जिससे जिले में सहकारिता से जुड़े संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।बताया गया है कि यह नियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के निर्देश पर की गई है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की अनुशंसा पर सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रवीण दुबे ने जिला संयोजक और सहसंयोजकों की सूची जारी की है।शरद चंद्र द्विवेदी लंबे समय से भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हुए संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया है। वे बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, मंडल मीडिया प्रभारी, किसान मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष, दो बार मंडल उपाध्यक्ष तथा किसान मोर्चा जिला कार्यसमिति सदस्य जैसे पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संपर्क को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।नई जिम्मेदारी मिलने पर शरद चंद्र द्विवेदी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में संगठन को और मजबूत बनाते हुए किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जाएगा। श्री द्विवेदी की नियुक्ति पर जिले के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और कार्यशैली से सहकारिता प्रकोष्ठ की गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन और अधिक सशक्त होगा।