ममता की छांव से महकता संसार मातृ दिवस पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने मातृशक्ति को किया नमन
रायपुर।मातृ दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की समस्त माताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।उन्होंने अपने संदेश में कहा कि माँ केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि त्याग, प्रेम, ममता और संस्कारों की वह जीवंत प्रतिमा है, जिसकी छांव में पूरा जीवन खिल उठता है। माँ जीवन की पहली गुरु होती है, जो बच्चे को बोलना, चलना ही नहीं, बल्कि इंसानियत और संवेदनाओं का अर्थ भी सिखाती है।मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि माँ का निस्वार्थ प्रेम हर कठिनाई में संबल बनकर साथ खड़ा रहता है। परिवार की खुशियों से लेकर समाज की संवेदनशीलता तक, हर सकारात्मक बदलाव के पीछे मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।उन्होंने कहा कि शासन माताओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उनके स्वास्थ्य और पोषण का ध्यान रखा जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सशक्त माँ ही सशक्त परिवार, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है। मातृशक्ति का सम्मान और उत्थान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।अंत में उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि,“माँ वह अनमोल छांव है, जिसके रहते जीवन की हर तपिश भी ठंडी लगती है। माँ का आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।”