माँ की सूनी आँखों को मिला सहारा: दिवंगत आरक्षक समीत एक्का के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान

माँ की सूनी आँखों को मिला सहारा: दिवंगत आरक्षक समीत एक्का के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान

सूरजपुर।कर्तव्य की राह पर चलते हुए इस दुनिया से विदा हो चुके जिला पुलिस बल सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक समीत एक्का की स्मृतियाँ एक बार फिर सभी की आंखें नम कर गईं। शुक्रवार, 15 मई 2026 को डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने भारतीय स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट शाखा सूरजपुर के सहयोग से दिवंगत आरक्षक की माँ सुनीता एक्का को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये की बीमित सहायता राशि का चेक सौंपा।चेक प्राप्त करते समय एक माँ के चेहरे पर बेटे को खोने का अथाह दुःख साफ झलक रहा था, वहीं बेटे की सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के सम्मान स्वरूप मिली यह सहायता राशि परिवार के लिए संबल बनकर सामने आई। उपस्थित लोगों की आंखें भी उस पल नम हो उठीं।ज्ञात हो कि आरक्षक समीत एक्का का दिनांक 31 जनवरी 2026 को सामान्य मृत्यु के कारण निधन हो गया था। घटना के बाद जिला पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण कर भारतीय स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट शाखा सूरजपुर के माध्यम से बीमा क्लेम की कार्यवाही पूरी कराई गई।इस अवसर पर एसबीआई कलेक्ट्रेट शाखा के शाखा प्रबंधक अफसर जमील, दीपक सिंह सहित दिवंगत आरक्षक के परिजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बहरहाल इन गतिविधियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि कर्तव्य निभाते हुए बिछड़ जाने वाले जवान कभी सचमुच विदा नहीं होते…वे अपने पीछे वर्दी का सम्मान, सेवा का गर्व और अपनों की आंखों में अनगिनत यादें छोड़ जाते हैं।