जिम्मेदारियों के बंटे ताज: धर्मेंद्र यादव बने ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
सूरजपुर।संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता और नेतृत्व की स्पष्टता में बसती है। इसी सोच के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ओड़गी ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर संगठन को नई दिशा देने का संकेत दिया है।प्रदेश कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी की अनुशंसा के पश्चात ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश गुर्जर द्वारा कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 6 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 10 ब्लॉक सचिव एवं 6 सक्रिय सदस्यों की नियुक्ति की गई है। इस नई टीम में धर्मेंद्र यादव को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का महामंत्री नियुक्त किया गया है।इस नियुक्ति के बाद क्षेत्रीय राजनीति में नई हलचल देखी जा रही है। संगठन अब जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर अपनी उपस्थिति मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है।नवनियुक्त महामंत्री धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे,उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विश्वास उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कुलमिलाकर जब जिम्मेदारी कंधों पर आती है, तो सिर्फ पद नहीं बढ़ता… बल्कि उम्मीदों का भार भी साथ चलता है, जिसे निभाने का संकल्प ही असली नेतृत्व की पहचान बनता है।