मवेशी तस्करी पर रघुनाथनगर पुलिस की कार्रवाई, 34 भैंस-भैंसा जब्त; एक युवक गिरफ्तार
बलरामपुर।जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रघुनाथनगर पुलिस ने ग्राम केशारी में घेराबंदी कर उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 34 भैंस एवं भैंसा बरामद किए। मौके से एक युवक को पकड़ा गया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके अन्य साथी भाग निकले।पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को थाना रघुनाथनगर की टीम ग्राम भ्रमण एवं क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग केशारी गांव से मवेशियों को अवैध तरीके से पैदल उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। खबर मिलते ही पुलिस दल ने केशारी में घेराबंदी की। टीम को देखकर तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर दीपक सोनवानी निवासी ग्राम केशारी को पकड़ लिया गया।कार्रवाई के दौरान कुल 34 नग भैंस व भैंसा बरामद कर जब्त किए गए। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक के विरुद्ध थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 110/2026 दर्ज किया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराएं 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई।गिरफ्तार युवक को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरार साथियों की तलाश जारी है।पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक डाकेश्वर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक फिलिरियस टोप्पो, प्रधान आरक्षक निर्मल तिर्की, नानसाय खलखो एवं आरक्षक रामभृत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।