समीर की मां ने डीसीपी से लगाई न्याय की गुहार:वाराणसी में 14 दिन पहले गोली मारकर हुई थी हत्या

समीर की मां ने डीसीपी से लगाई न्याय की गुहार:वाराणसी में 14 दिन पहले गोली मारकर हुई थी हत्या
वाराणसी। बीते माह 25 दिसंबर 2025 को बड़ागांव थाना क्षेत्र के दयालपुर बगीचे में हुए किशोर की गोली मारकर हत्या के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के 14 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को मृतक की मां, पड़ोसी और रिश्तेदारी की महिलाएं बड़ागांव थाने पहुंच गईं और नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह से महिलाओं की कई बार झड़प भी हुई। महिलाओं का कहना था कि जब तक हत्यारोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सूचना पर पहुंचे आला अधिकारी, डीसीपी के सामने रोई मां हालात बिगड़ते देख सूचना मिलते ही डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार के अलावा फूलपुर थाना अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान मृतक की मां डीसीपी के सामने फूट-फूटकर रोती नजर आई और न्याय की गुहार लगाती रही। महिलाओं का गुस्सा इस कदर बढ़ चुका था कि मृतक की मां समेत कुछ महिलाएं बोतल में पेट्रोल भरकर थाने पहुंची थीं। महिलाओं का कहना था कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे थाने पर ही आत्मदाह कर लेंगी। हालांकि पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी समझाने-बुझाने के बाद महिलाएं शांत हुईं। डीसीपी आकाश पटेल ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को 24 से 36 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके धरना समाप्त हुआ। जानिए कैसे और कहां हुई थी वारदात घटना 25 दिसंबर की सायंकाल रसूलपुर-बड़ागांव मुख्य मार्ग पर स्थित दयालपुर बगीचे के पास हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर किशोर समीर सिंह (14) की हत्या कर दी थी। बताया गया कि बदमाशों की कहासुनी रामू यादव नामक युवक से हो रही थी। इसी दौरान बाइक से वहां पहुंचे समीर को भी बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से रामू यादव और समीर दोनों घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान समीर की मौत हो गई थी।