भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी की जन्म जयंती को समर्पित एक सप्ताहीय पखवाड़ा पूरे राज्य में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कार्यक्रम श्रृंखला के तहत गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के देखरेख में सीवान सदर अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सुबह से ही सदर अस्पताल परिसर में लोगों की चहल-पहल देखी गई। युवा मोर्चा के सदस्य, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक रक्तदान करने के लिए कतारबद्ध होते देखे गए। कार्यक्रम के दौरान कुल कितने यूनिट रक्त संग्रह किया गया इसकी आधिकारिक जानकारी देर शाम तक उपलब्ध होने की संभावना है, लेकिन आयोजन के दौरान रक्तदाताओं की निरंतर भीड़ यह दर्शाती रही कि समाज सेवा को लेकर जनता में गंभीरता और जागरूकता बढ़ रही है। रक्तदाताओं से मुलाकात कर उत्साहवर्धन किया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पटना से भाजपा नेता, कुम्हरार के विधायक एवं पार्टी के प्रदेश मंत्री संजय गुप्ता शामिल हुए। उनके साथ दरौंदा विधानसभा के विधायक करणजीत सिंह, भाजयुमो पदाधिकारी तथा कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सुशील मोदी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। ''सुशासन का एक ऐसा मॉडल स्थापित किया, जिसकी चर्चा आज भी'' मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि पार्टी द्वारा स्व. सुशील मोदी के जन्म जयंती को एक सप्ताह तक अलग-अलग सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी बिहार के उन विरले नेताओं में थे जिन्होंने न केवल राजनीतिक क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी गहरा जुड़ाव रखा। उन्होंने बताया कि सुशील मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संयुक्त नेतृत्व वाली सरकार ने बिहार में सुशासन का एक ऐसा मॉडल स्थापित किया, जिसकी चर्चा आज भी होती है। संजय गुप्ता ने समाजसेवा की दिशा में सुशील मोदी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि दधीचि जैसे संस्थान उनकी सोच और समर्पण का परिणाम हैं।