पंजाब के फिरोजपुर में फाइनेंसर और सैलून मालिक अमनदीप सिंह ने 2 बेटियों और पत्नी को गोली मारकर खुद भी सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सुबह जब सफाई करने वाली घर आई और उसने दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। सफाई वाली ने घर के ऊपर रहने वाले किराएदार को फोन कर पूछा। तब उसने किराएदारों के कहने पर घर के मालिक को फोन किया। फिर भी घर के अंदर फोन बजता रहा, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया और न ही किसी ने दरवाजा खोला। इससे उन्हें शक हुआ कि कहीं उन्हें गैस तो नहीं चढ़ गई। मगर, जब वे नीचे आए और दरवाजा तोड़ा तो पता चला कि सबकी मौत हो चुकी है। एक बेटी 10 और दूसरी 6 साल की थी। पुलिस ने मौके से पिस्टल भी बरामद कर लिया है। SSP भूपिंदर सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चेक कर रही है कि इसमें कहीं कोई और बात तो नहीं है? या फिर अमनदीप सिंह ने ही यह वारदात की है? परिवार के 3 PHOTOS... SSP बोले- घर में CCTV लगे हुए हैं, इनसे खुलासा होगा
फिरोजपुर के SSP भूपिंदर सिंह का कहना है कि अमनदीप सिंह के पड़ोसी को पता चला कि काम करने के लिए आई महिला गेट खोलने के लिए आवाज दे रही है, लेकिन परिवार का सदस्य कोई गेट नहीं खोल रहा। इस पर ऊपर रहते किराएदार और पड़ोसी करनजीत सिंह ने धक्के से दरवाजे को खोला तो अंदर परिवार के 4 लोगों को गोलियां लगी हुई थीं, और चारों के शव अंदर पड़े हुए थे। इसमें परिवार का मुखिया अमनदीप, उसकी पत्नी जसवीर कौर, बच्ची मनवीर और परनीत का शव था। SSP ने कहा कि अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इससे घटना की सच्चाई सामने आएगी। मौके से पिस्टल भी बरामद हुई है। पड़ोसी बोले- कल शाम को भी हम साथ टहलने निकले थे
यह घटना हरमन नगर में हुई। अमनदीप के घर के ऊपर किराए पर रह रहे करनजीत सिंह ने बताया कि चारों की लाश बेडरूम से बरामद हुई हैं। उनका परिवार काफी मिलनसार था। बुधवार रात को भी वह साथ में घूमकर आए, लेकिन सुबह 11 बजे पता चला कि यह वारदात हो गई है। करनजीत ने बताया- किसी को यकीन नहीं हो रहा। पुलिस भी इसकी वजह जानने की कोशिश में जुटी है। हमारे घर के नीचे ही गोली चली, लेकिन हमने रात में कोई आवाज नहीं सुनी। हमें भी वारदात का सुबह ही पता चला।