केंद्रीय बजट 2026 विकसित भारत की नींव, किसान-युवा-महिला सबको मिला संबल : अखिलेश सोनी

केंद्रीय बजट 2026 विकसित भारत की नींव, किसान-युवा-महिला सबको मिला संबल : अखिलेश सोनी

सूरजपुर।केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि यह बजट किसान, युवा, महिला, व्यापारी और मध्यम वर्ग—सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वे सूरजपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।अखिलेश सोनी ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और देश को तकनीकी रूप से सशक्त करने पर विशेष फोकस किया गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रेल, सड़क, रक्षा और पूंजीगत व्यय में ऐतिहासिक वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ देश को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए पांच नई विश्वविद्यालय नगरियों की स्थापना की जाएगी। साथ ही चलचित्र निर्माण, दृश्य प्रभाव, गेमिंग और कॉमिक्स जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में वर्ष 2030 तक 20 लाख प्रशिक्षित पेशेवर तैयार किए जाएंगे। पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार युवाओं को पर्यटन मार्गदर्शक के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बजट में स्व-सहायता उद्यमी बाजार की घोषणा की गई है। लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब इसका लक्ष्य 2 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ महिलाओं तक किया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के बजट में 16 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 28,183 करोड़ रुपये किया गया है।किसानों के हित में पशुपालकों को ऋण अनुदान, मछली पालन के लिए 500 बड़े तालाबों का निर्माण, अखरोट और बादाम उत्पादक किसानों के लिए विशेष योजनाएं तथा छोटे किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई प्रावधान किए गए हैं।कर सुधारों की जानकारी देते हुए श्री सोनी ने बताया कि विदेश यात्रा पर लगने वाला स्रोत पर कर संग्रह 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है। प्रवासी भारतीयों को संपत्ति विक्रय के लिए अब अलग पहचान संख्या की आवश्यकता नहीं होगी और आयकर विवरणी दाखिल करने की तिथि भी बढ़ाई गई है।उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन से तुलना करते हुए कहा कि जहां पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा, किसान, रेल और पूंजीगत व्यय सीमित था, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन सभी क्षेत्रों में कई गुना वृद्धि हुई है।

छत्तीसगढ़ को मिला विशेष लाभ

अखिलेश सोनी ने बताया कि बजट में छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल के लिए खनन गलियारे के विकास की घोषणा की गई है, जिससे खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश बढ़ेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे। इसके अलावा रेल बजट में छत्तीसगढ़ को प्राथमिकता देते हुए 7,470 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, जिला उपाध्यक्ष संत सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।