अवैध खाद पर प्रशासन का शिकंजा कसा, 2 पिकअप में 100 बोरी यूरिया जब्त, दुकानों पर छापेमारी; ज्यादा दाम वसूलने वालों पर FIR की तलवार
बलरामपुर। जिले में अवैध उर्वरक की कालाबाजारी और ज्यादा दाम पर बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देश पर संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। रामानुजगंज में 2 पिकअप वाहनों से 100 बोरी यूरिया बिना दस्तावेज के पकड़ी गई। दोनों वाहन जब्त कर थाने सौंपे गए। वहीं, कई निजी दुकानों पर छापेमारी में अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी, एक पर बिक्री प्रतिबंध।रामचंद्रपुर के टिकीदीरी गांव में राजस्व, खाद्य और पुलिस की टीम ने दो पिकअप रोके। हर वाहन में 50-50 बोरी यूरिया थी। चालक कोई वैध कागज नहीं दिखा सके। अनुविभागीय अधिकारी आनंद नेताम के मार्गदर्शन में टीम ने तुरंत कार्रवाई की। नारायण कृषि सेवा केंद्र में मूल्य सूची न चिपकाने पर संचालक को नोटिस थमाया।बलरामपुर विकासखंड में कृषि विभाग की टीम ने कई निजी उर्वरक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। POS मशीन और स्टॉक का मिलान किया। अंतर मिलने पर नोटिस जारी। स्टॉक रजिस्टर, मूल्य सूची और बिलों की जांच हुई। संचालकों को तय दाम पर ही बिक्री करने की सख्त हिदायत दी गई। अनियमितता या ज्यादा दाम की शिकायत पर लाइसेंस सस्पेंड या रद्द करने के साथ FIR की चेतावनी।वाड्रफनगर में अजय ट्रेडर्स, पटेल फर्टिलाइजर समेत अन्य दुकानों पर छापे। अजय ट्रेडर्स में POS और स्टॉक में गड़बड़ी मिली। तुरंत बिक्री पर रोक लगाई गई। प्रशासन ने कहा- किसानों को लूटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिले भर में ऐसे अभियान जारी रहेंगे।