केंद्रीय बजट 2026-27: महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास का रोडमैप, ‘हर वर्ग को साथ लेकर चलेगा भारत’ — मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

केंद्रीय बजट 2026-27: महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास का रोडमैप, ‘हर वर्ग को साथ लेकर चलेगा भारत’ — मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर, 01 फरवरी 2026।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इसे समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने वाला ऐतिहासिक व जनहितैषी बजट बताया।मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अपने  संबोधन में कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को समान प्राथमिकता देकर देश के सर्वांगीण विकास को नई गति देने का ठोस रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण से जुड़ी घोषणाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास के निर्माण से छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित व सुविधाजनक आवास मिलेगा। इससे न केवल उच्च शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि रोजगार और करियर के नए अवसर भी खुलेंगे।साथ ही लखपति दीदी कार्यक्रम के विस्तार को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे महिलाएं आजीविका से आगे बढ़कर उद्यमिता की ओर सशक्त कदम बढ़ाएंगी।मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप्स, कौशल प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने से महिलाओं के साथ-साथ युवाओं के लिए भी व्यापक अवसर सृजित होंगे। यह बजट सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के बीच संतुलन स्थापित करता है, जो समावेशी भारत की पहचान है।अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के विजन को साकार करने वाला है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की ओर देश को तेज़ी से अग्रसर करेगा और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाएगा।