नशे के सौदागरों पर प्रशासन का हथौड़ा: मनोज सोनी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर
अम्बिकापुर, 04 जुलाई 2025। जिले में नशे के काले कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। दारिमा क्षेत्र में नशीली दवाओं और गांजे की तस्करी में लिप्त मनोज सोनी के अवैध मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। मनोज सोनी और उसकी पत्नी आरती सोनी, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले जेल में थी और हाल ही में फरार हुई, इस अवैध धंधे के मुख्य सरगना माने जाते हैं। कुलमिलाकर पुलिस और प्रशासन अब मनोज सोनी और उनके परिवार की तलाश में जुटी है। साथ ही, उनके अन्य अवैध निर्माणों और संपत्तियों की जांच भी तेज कर दी गई है। सरगुजा प्रशासन का यह कड़ा रुख नशे के कारोबारियों के लिए सख्त संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
फरार है आरोपी परिवार, पुलिस की तलाश तेज
जिला प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक, मनोज सोनी, उनकी पत्नी आरती सोनी और परिवार के अन्य सदस्य शहर छोड़कर फरार हैं। पुलिस की विशेष टीमें इनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। यह परिवार लंबे समय से नशीली दवाओं और गांजे की तस्करी में संलिप्त था, जिसके खिलाफ स्थानीय लोगों में भी आक्रोश था।
अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर की गाज
दारिमा क्षेत्र में मनोज सोनी के मकान को अवैध अतिक्रमण के तहत चिह्नित किया गया था। गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस मकान को जमींदोज कर दिया। इसके अलावा, खैरबार हायर सेकंडरी स्कूल के पास परिवार का एक अन्य मकान भी अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में पाया गया है, जिस पर जल्द ही कार्रवाई की तैयारी है।
स्थानीय लोगों में कार्रवाई से संतोष
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के कदम की सराहना की है। दारिमा क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि इस परिवार की गतिविधियों से इलाके का माहौल खराब हो रहा था। अब प्रशासन की इस सख्ती से नशे के कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद जगी है।