प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी का सूरजपुर में मैराथन दौरा: खदान से अस्पताल तक, समस्याओं पर सख्ती, विकास को रफ्तार

प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी का सूरजपुर में मैराथन दौरा: खदान से अस्पताल तक, समस्याओं पर सख्ती, विकास को रफ्तार
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी का सूरजपुर में मैराथन दौरा: खदान से अस्पताल तक, समस्याओं पर सख्ती, विकास को रफ्तार

सूरजपुर। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने जिले में ताबड़तोड़ दौरे कर खनन, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया और त्वरित समाधान के लिए कड़े निर्देश दिए। उनके इस दौरे ने क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगाई है। इस दरम्यान विधायक ने एसईसीएल की केतकी खदान का दौरा कर खनन कार्यों की बारीकी से पड़ताल की। गेतरा के आरजीके सब एरिया में अधिकारियों के साथ बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई। ठेका श्रमिकों को पूर्ण मजदूरी न मिलने, ठेकेदारों द्वारा पैसे वापस मांगने और एक ही श्रमिक संगठन द्वारा बार-बार विरोध प्रदर्शन जैसे गंभीर मामलों पर विधायक ने कड़ा रुख अपनाया। हाल ही में नौकरी से निकाले गए 22 ठेका श्रमिकों को 15 जुलाई तक पुनः काम पर लेने का एसईसीएल अधिकारियों ने भरोसा दिलाया। कुलमिलाकर विधायक भूलन सिंह मरावी की यह तूफानी सक्रियता क्षेत्रवासियों के लिए उम्मीद की किरण बनी है। खनन श्रमिकों के हक, किसानों की समृद्धि और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए उनके प्रयासों की स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने जमकर सराहना की। 

किसानों के लिए सिंचाई की सौगात: विधायक ने केतकी और गायत्री खदान से निकलने वाले बेकार पानी को केतका, जोबगा और आसपास के गांवों में सिंचाई के लिए उपयोग करने की योजना को गति दी। इस पहल से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादकता में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद है। 

खनन प्रभावित गांवों में मूलभूत सुविधाओं का वादा: खनन प्रभावित पंचायतों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने की प्रगति पर विधायक ने प्रबंधन से जवाब तलब किया। एसईसीएल प्रबंधन ने इन सुविधाओं को शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। 

किसानों के बीच बीज वितरण खदान दौरे के बाद विधायक मानी पंचायत पहुंचे, जहां पंचायत भवन में किसानों को उड़द और अरहर के बीज वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। 

स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था पर फटकार

दिन के अंत में विधायक ने केतका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कोविड वार्ड की बदहाल स्थिति और अस्पताल परिसर में अव्यवस्थाएं देखकर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। ड्यूटी समय पर कुछ कर्मचारियों के अनुपस्थित होने की शिकायत पर उन्होंने सख्त हिदायत दी कि सभी कर्मचारी समय पर ड्यूटी करें और मरीजों की सेवा में कोई कोताही न बरतें। कर्मचारियों की कमी को देखते हुए जिला चिकित्सा अधिकारी को तत्काल व्यवस्था सुधारने के लिए फोन पर निर्देश दिए।