सूरजपुर ने रचा इतिहास: आकांक्षी ब्लॉक सम्पूर्णता अभियान में गोल्ड मेडल की चमक,रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु साय ने किया सम्मानित, प्रतापपुर ब्लॉक की उपलब्धियों ने जीता सबका दिल

सूरजपुर ने रचा इतिहास: आकांक्षी ब्लॉक सम्पूर्णता अभियान में गोल्ड मेडल की चमक,रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु साय ने किया सम्मानित, प्रतापपुर ब्लॉक की उपलब्धियों ने जीता सबका दिल

सूरजपुर, 2 अगस्त 2025  ।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राज्यस्तरीय आकांक्षी ब्लॉक सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें सूरजपुर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ गोल्ड मेडल हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शिरकत की और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू को गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि ने सूरजपुर के प्रतापपुर विकासखंड को राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में ला दिया। बहरहाल सूरजपुर की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के विकास की नई गाथा का प्रतीक है, जो नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत समग्र और समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है।

 सम्पूर्णता अभियान: विकास का नया अध्याय

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा, आकांक्षी ब्लॉक सम्पूर्णता अभियान केवल एक प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जल, कृषि और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का सशक्त मंच है। उन्होंने इस अभियान को जनभागीदारी, नवाचार और समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया, जो छत्तीसगढ़ के समग्र विकास की नई दिशा तय कर रहा है। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता राज्य के अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

 सूरजपुर की उपलब्धि: प्रतापपुर ने दिखाया दम

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड ने नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत छह प्रमुख मानकों—स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, जल, कृषि और आजीविका—में 100% लक्ष्य हासिल कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इस ब्लॉक ने न केवल राज्य स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्टता की मिसाल कायम की। 

यह रही प्रमुख उपलब्धियां

1-स्वास्थ्य और पोषण: 

   जिले की सभी 4279 गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व जांच (ANC) प्रदान की गई।2575 महिलाओं का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कर एचएमआईएस पोर्टल पर डेटा दर्ज किया गया। 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुरुषों और महिलाओं की मधुमेह और उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग पूरी कर 100% डेटा NCD पोर्टल पर अपलोड किया गया।आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को नियमित पूरक पोषण आहार वितरित किया गया, और पोषण ट्रैकर में लक्षित डेटा शत-प्रतिशत दर्ज किया गया।

2-कृषि क्षेत्र: 

   1200 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जिससे किसानों को अपनी भूमि की पोषक स्थिति की सटीक जानकारी मिली और कृषि उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिली।

3-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन: 

  - पात्र स्व-सहायता समूहों को चक्रीय निधि प्रदान की गई, और एमआईएस पोर्टल पर 100% डेटा इंद्राज सुनिश्चित किया गया।

4-प्रशासनिक समन्वय: 

   सभी विभागों ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया, और संबंधित पोर्टलों पर समयबद्ध डेटा अपलोड किया।

 टीम वर्क का कमाल

सूरजपुर के कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू की प्रशंसा करते हुए कहा, “श्रीमती साहू के कुशल नेतृत्व और समन्वय ने प्रतापपुर ब्लॉक को यह ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सकारात्मक सहयोग इसकी नींव रहा।” उन्होंने जिला प्रशासन के सभी विभागों की ठोस कार्ययोजनाओं और जनभागीदारी को इस सफलता का श्रेय दिया।

छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा

प्रतापपुर ब्लॉक की यह उपलब्धि न केवल सूरजपुर जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि समन्वित प्रयास, जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन और डिजिटल पारदर्शिता के साथ विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा सकते हैं। इस सम्मान समारोह ने अन्य ब्लॉकों के लिए भी एक मिसाल कायम की है, जो भविष्य में सम्पूर्णता अभियान को और गति प्रदान करेगा।