जमीन खरीदी में धोखाधड़ी: BJP जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, कांग्रेस नेता राजीव अग्रवाल सहित 7 पर FIR का आदेश, 1.75 करोड़ की जमीन 40 लाख में हड़पी

जमीन खरीदी में धोखाधड़ी: BJP जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, कांग्रेस नेता राजीव अग्रवाल सहित 7 पर FIR का आदेश, 1.75 करोड़ की जमीन 40 लाख में हड़पी
जमीन खरीदी में धोखाधड़ी: BJP जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, कांग्रेस नेता राजीव अग्रवाल सहित 7 पर FIR का आदेश, 1.75 करोड़ की जमीन 40 लाख में हड़पी

अम्बिकापुर । सरगुजा में दो अनपढ़ बहनों की कीमती पैतृक जमीन को ठगने का चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है। भगवानपुर की चंद्रमणी कुशवाहा और भैयाथान की कलावती कुशवाहा की 2.870 हेक्टेयर जमीन को 1.75 करोड़ रुपये के एग्रीमेंट के बावजूद मात्र 40 लाख रुपये में बेच दिया गया। इस सनसनीखेज फर्जीवाड़े में कांग्रेस जिला महामंत्री राजीव अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, एक एडवोकेट सहित सात लोग शामिल हैं। अम्बिकापुर CJM कोर्ट ने सभी आरोपियों के खिलाफ दो सप्ताह में FIR दर्ज कर जांच का कड़ा आदेश दिया है।वहीं दूसरी तरफ इस फर्जीवाड़े की जानकारी सार्वजनिक होने पर सियासी खलबली मचा दी है। कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेताओं के नाम आने से स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह मामला न केवल जमीन फर्जीवाड़े की गहरी साजिश को उजागर करता है, बल्कि कमजोर तबके के शोषण की क्रूर तस्वीर भी पेश करता है।

धोखे की साजिश, अनपढ़ बहनों को बनाया शिकार

चंद्रमणी और कलावती ने CJM कोर्ट में परिवाद दायर कर बताया कि वे अनपढ़ गृहिणियां हैं। उनकी भगवानपुर की पैतृक जमीन के राजस्व अभिलेखों में भाइयों रघुवर और छतरू कुशवाहा का नाम दर्ज था। बंटवारे और नाम चढ़वाने के लिए उन्होंने एडवोकेट दिनेश कुमार सिंह पर भरोसा कर सभी दस्तावेज सौंप दिए। लेकिन एडवोकेट ने उनके भरोसे को तोड़ते हुए बड़ा खेल रच डाला।एडवोकेट दिनेश सिंह ने बहनों को झांसा दिया कि बिना प्रभावशाली व्यक्ति के नाम एग्रीमेंट के जमीन मिलना असंभव है। इसके बाद उनकी पूरी जमीन का एग्रीमेंट राजीव अग्रवाल के नाम 1.75 करोड़ रुपये में कराया गया। 21 नवंबर 2016 को उपपंजीयक कार्यालय में दूसरा एग्रीमेंट 1.13 करोड़ रुपये में हुआ, जिसमें 5.50 लाख रुपये की पावती का जिक्र था। लेकिन हकीकत में बहनों को सिर्फ 50,000 रुपये दिए गए। चेक से भुगतान का वादा भी हवा-हवाई साबित हुआ। एग्रीमेंट में भारत सिंह सिसोदिया, रविकांत सिंह, नीरज प्रकाश पांडेय, राजेश सिंह और नीलेश सिंह गवाह बने।

करीब 40 लाख में सिमटी कीमती जमीन

25 सितंबर 2017 को भारत सिंह सिसोदिया, नीरज प्रकाश पांडेय, राजेश सिंह और नीलेश सिंह ने चंद्रमणी से दो प्लॉट 11.87 लाख और कलावती से तीन प्लॉट 10.08 लाख रुपये में खरीदे। एक अन्य बिक्रीनामे में चंद्रमणी की 0.07 आरे जमीन 10.08 लाख में बिकी, लेकिन भुगतान मात्र 3 लाख हुआ। कुल मिलाकर, 1.75 करोड़ की जमीन के लिए बहनों को सिर्फ 40 लाख रुपये मिले।

पंकज श्रीवास्तव की शिकायत ने खोली पोल

एक अन्य एग्रीमेंट पंकज श्रीवास्तव के नाम पर गुमराह कर कराया गया। जब पंकज को सच्चाई पता चली, तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद चंद्रमणी और कलावती के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ। हैरानी की बात यह है कि जमीन पर अब भी उनके भाइयों का कब्जा है।

CJM कोर्ट की सख्त कार्रवाई

CJM सुमित कुमार हर्षयाना की अदालत ने इस फर्जीवाड़े को गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए एडवोकेट दिनेश कुमार सिंह, राजीव अग्रवाल, भारत सिंह सिसोदिया, रविकांत सिंह, नीरज प्रकाश पांडेय, राजेश सिंह और नीलेश सिंह के खिलाफ दो सप्ताह में FIR दर्ज करने का आदेश दिया है।