महिला सैन्य अधिकारी पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित कांग्रेस, मंत्री विजय शाह का पुतला दहन कर बर्खास्तगी की मांग

महिला सैन्य अधिकारी पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित कांग्रेस, मंत्री विजय शाह का पुतला दहन कर बर्खास्तगी की मांग
महिला सैन्य अधिकारी पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित कांग्रेस, मंत्री विजय शाह का पुतला दहन कर बर्खास्तगी की मांग

अम्बिकापुर, 14 मई 2025 ।भारतीय सेना की जाँबाज अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह की अमर्यादित, आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने तीव्र आक्रोश जताते हुए मंत्री का जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका।यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। आक्रोशित कांग्रेसजनों ने मंत्री विजय शाह के पुतले का पहले मुख काला किया, फिर उसे जूतों की माला पहनाकर नारेबाजी के साथ जलाया। कार्यकर्ताओं ने इस शर्मनाक बयान को देशद्रोह की संज्ञा देते हुए कहा कि इससे न केवल महिला सैन्य अधिकारियों का अपमान हुआ है, बल्कि भारतीय सेना का भी मनोबल गिराने का प्रयास हुआ है।

'सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं': कांग्रेस अध्यक्ष

इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी जैसे जाँबाज अधिकारी, जिनका पूरा परिवार पीढ़ियों से सेना में रहकर देश की सेवा करता आया है, उनके बारे में अमर्यादित टिप्पणी करना भाजपा मंत्री की मानसिकता और सोच को उजागर करता है। पाठक ने कहा, "यह बयान केवल महिला का नहीं, बल्कि पूरे भारतीय सेना और देशप्रेमियों का अपमान है। यह बयान युद्धकालीन स्थिति में सेना का मनोबल तोड़ने वाला है, जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।"उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री विजय शाह का इतिहास ही विवादित बयानों से भरा है और भाजपा बार-बार ऐसे नेताओं को न केवल टिकट देती है, बल्कि उन्हें मंत्री बनाकर पुरस्कृत करती है, जो यह दर्शाता है कि भाजपा देशभक्तों का नहीं, अपमान करने वालों का साथ देती है।

एफआईआर और बर्खास्तगी की मांग

कांग्रेस ने इस गंभीर प्रकरण पर विजय शाह की तत्काल बर्खास्तगी की मांग करते हुए उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है।

प्रदर्शन में इनकी रही सक्रिय भूमिका

प्रदर्शन में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से अजय अग्रवाल, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, मोहम्मद इस्लाम, संजय विश्वकर्मा, रामविनय सिंह, शफीक खान, सरोज साहू, अरुण मिंज, संजीव मंदिलवार, पपिन्दर सिंह, अशोक अग्रवाल, हरभजन भामरा, अनिल सिंह, शैलेंद्र सिंह, अनूप मेहता, जमील खान, नरेंद्र विश्वकर्मा, विश्वास, विकास दुबे, निखिल विश्वकर्मा, परवेज आलम गांधी, कृष्णा मुरारी शर्मा, राहुल सोनी, गीता रजक, मंजू सिंह, ममता सिंह, रूपा ताम्रकार, शुभम जायसवाल, आशीष जायसवाल, जे कुजूर, शमा परवीन, लोकेश कुमार, वीरेंद्र पाठक, अमित तिवारी 'राजा', आतिश शुक्ला, और अनेक कार्यकर्ता प्रदर्शन में उपस्थित थे।