लुण्ड्रा में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' संगोष्ठी का भव्य आयोजन, लोकतंत्र सशक्तिकरण पर जोर
मंडल अध्यक्ष सतीष जायसवाल के नेतृत्व में सामुदायिक भवन उदारी में हुआ कार्यक्रम, वरिष्ठ नेताओं ने रखे विचार
लुण्ड्रा/अंबिकापुर।भाजपा मंडल लुण्ड्रा ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक प्रभावी संगोष्ठी का आयोजन किया। ग्राम उदारी के सामुदायिक भवन में मंडल अध्यक्ष सतीष जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, व्यापारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी, किसान और नारी शक्ति ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। संगोष्ठी में लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के प्रस्ताव पर गहन चर्चा हुई, जिसे लोकतंत्र को सशक्त करने और अर्थव्यवस्था को गति देने वाला कदम बताया गया। कुलमिलाकर यह आयोजन न केवल लुण्ड्रा मंडल में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की अवधारणा को लेकर जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि क्षेत्र के लोगों में इस सुधार के प्रति उत्साह भी जगाया है।
राष्ट्रीयता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण सुधार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंडल अध्यक्ष धौरपुर वैभव सिंह देव ने कहा कि 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' केवल प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक प्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। मंडल अध्यक्ष सतीष जायसवाल ने कार्यक्रम का वृत्त प्रस्तुत करते हुए कहा, "यह संगोष्ठी संवैधानिक प्रावधानों, प्रशासनिक संरचनाओं और सामाजिक प्रभावों पर राष्ट्रीयता के दृष्टिकोण से विचार-मंथन का मंच है। एक साथ चुनाव से बार-बार होने वाले राजनीतिक ध्रुवीकरण को रोका जा सकेगा, जिससे स्थायित्व और सामाजिक सौहार्द को बल मिलेगा।"
वरिष्ठ नेताओं ने गिनाए फायदे
वरिष्ठ भाजपा नेता बुधसागर सिंह, जनपद सदस्य जयंत नाथ सिंह आंशु बाबा, राजेश सोनी, साजन एक्का और अभिषेक पावले ने अपने संबोधन में कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव न केवल आर्थिक बोझ बढ़ाते हैं, बल्कि विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न करते हैं। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि एक साथ चुनाव से सरकारी संसाधनों की बचत होगी, प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और विकास की गति को निरंतरता मिलेगी। बुद्धिजीवी वर्ग और व्यापारियों ने भी इस प्रस्ताव को देशहित में बताया और इसे लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में दिखा उत्साह
संगोष्ठी में ग्राम पंचायत उदारी के सरपंच उमेश पैकरा, सफायात अंसारी, धनराम नागेश, दिलीप प्रजापति, बिरझु टेकाम, अर्जुन गुप्ता, विजय पटेल, धनेश्वर सिंह, सिकंदर पैकरा, हीरालाल पैकरा, दिलबंधु पैकरा, चंद्रशेखर पैकरा, राजीव कश्यप, राहुल चोपड़ा सहित क्षेत्र के सभी व्यापारी, किसान, नारी शक्ति और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल के पदाधिकारियों ने किया, और सभी ने इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।