अम्बिकापुर में दो घरों में हुई बड़ी चोरी का खुलासा: सर्विस रायफल समेत लाखों का माल बरामद, एक और आरोपी गिरफ्तार

अम्बिकापुर में दो घरों में हुई बड़ी चोरी का खुलासा: सर्विस रायफल समेत लाखों का माल बरामद, एक और आरोपी गिरफ्तार

अम्बिकापुर, 13 अप्रैल 2025।गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर में दो अलग-अलग सूने मकानों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल एक फरार आरोपी अंकित गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनके पास से करीब 20 लाख रुपये की कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया था।

पहला मामला:

प्रार्थी प्रवीण कुमार टोप्पो, निवासी गोधनपुर, ने 13 नवंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 3 नवंबर को काम से बाहर गया था। 12 नवंबर को भांजे से सूचना मिलने पर वह घर लौटा और देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। जांच पर पता चला कि घर से सोने-चांदी के जेवर और लैपटॉप चोरी हो गया है। मामले में थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 671/24 धारा 331(4), 305, 112, 61(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज किया गया।

दूसरा मामला:

प्रार्थी आशीष निश्चल तिर्की, आरक्षक, ने 3 अप्रैल 2025 को रिपोर्ट दी कि वह 1 अप्रैल को पत्नी के साथ ससुराल गया था। 2 अप्रैल को उसकी माँ ने कोरबा से लौटने पर घर में चोरी की सूचना दी। घर से सोने-चांदी के जेवर, सर्विस रायफल AK-47, 90 जिंदा कारतूस, मोबाइल, कार की चाबी समेत अन्य कीमती सामान चोरी पाया गया। मामले में थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 219/25 धारा 331(4), 305(ए), 112, 61(2) बी.एन.एस. एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस की कार्रवाई:

जांच के दौरान पहले तीन आरोपी सागर सिंह चौहान, प्रहलाद वासुदेव और शांति सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इनके पास से चोरी का सामान, जिसमें सर्विस रायफल, सोने-चांदी के गहने, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नगदी शामिल है, बरामद किया गया।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी:

मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी अंकित गुप्ता पिता रामनाथ गुप्ता (26), निवासी करकी, थाना जयसिंहनगर, जिला शहडोल (म.प्र.) को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने साथी आरोपियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर एक सोने की अंगूठी, लॉकेट, नाक की कील, आईफोन, इलेक्ट्रिक ऑटो और ₹9334 नगद जब्त किए गए।

इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उप निरीक्षक रश्मि सिंह, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, महिला आरक्षक तेजेश्वरी राजवाड़े, आरक्षक मनीष सिंह, अशोक यादव, ऋषभ सिंह, पवन यादव तथा सैनिक अनिल साहू का विशेष योगदान रहा।