कबीरधाम कलेक्टर के अमर्यादित व्यवहार पर भड़का कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कबीरधाम कलेक्टर के अमर्यादित व्यवहार पर भड़का कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
कबीरधाम कलेक्टर के अमर्यादित व्यवहार पर भड़का कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सूरजपुर, 07 जुलाई 2025।कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा के कर्मचारियों के प्रति अमर्यादित व्यवहार से सूरजपुर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन में आक्रोश व्याप्त है। फेडरेशन ने कलेक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन को ज्ञापन सौंपा है। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उक्ताशय पर प्राप्त जानकारी अनुसार घटना कुछ दिन पूर्व की है, जब कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिला पंचायत कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे कलेक्टर ने मुख्य द्वार पर हाजिरी रजिस्टर लेकर देर से आने वाले कर्मचारियों को रोक लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को कथित तौर पर कान पकड़कर उठक-बैठक करवाया और माफी मांगने को मजबूर किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कर्मचारियों में रोष और बढ़ गया। कलेक्टर ने 42 कर्मचारियों को नोटिस भी जारी किया था।

फेडरेशन ने की कड़ी निंदा 

सूरजपुर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. आर.एस. सिंह ने कलेक्टर के व्यवहार को अनुचित और अशोभनीय करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, "कलेक्टर का यह रवैया कर्मचारियों के सम्मान और गरिमा के खिलाफ है। शासन से मांग है कि ऐसे बेलगाम अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।" फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे। इसके साथ ही कर्मचारी संगठनों का कहना है कि कलेक्टर का यह व्यवहार न केवल कर्मचारियों का मनोबल तोड़ने वाला है, बल्कि यह कार्यस्थल पर सम्मानजनक माहौल के खिलाफ भी है। फेडरेशन ने शासन से इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने में ये रहे मौजूद 

ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जिला संयोजक डॉ. आर.एस. सिंह, महासचिव व जिला अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्ग शासकीय कर्मचारी इकबाल अंसारी, प्रदेश महामंत्री धीरेन्द्र उपाध्याय, जिला अध्यक्ष छ.ग. तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ मनीष दीपक साहू, राधेश्याम साहू, संदीप गुप्ता, अनुरंजन सिंहदेव, प्रदीप सिंह, महेश पैंकरा, सीडा अध्यक्ष डॉ. राजेश पैंकरा, डॉ. दीपक मरकाम, ज्योति साधना श्रीवास्तव, आशीष पाण्डेय, शैलेंद्र सिंह, सुनील कुमार उइके, विकास कुशवाहा, महेंद्र शांडिल्य, कुलदीप पैंकरा सहित कई अन्य कर्मचारी शामिल थे।