कांग्रेस 140 वर्ष बाद फिर संघर्ष के पथ पर: राजीव भवन में झंडा वंदन, सत्याग्रह की शक्ति पर मंथन

कांग्रेस 140 वर्ष बाद फिर संघर्ष के पथ पर: राजीव भवन में झंडा वंदन, सत्याग्रह की शक्ति पर मंथन
कांग्रेस 140 वर्ष बाद फिर संघर्ष के पथ पर: राजीव भवन में झंडा वंदन, सत्याग्रह की शक्ति पर मंथन

अम्बिकापुर।देश की आज़ादी की नींव रखने वाली भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने राजीव भवन में  आयोजन किया। पार्टी ध्वज वंदन के साथ वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस की भूमिका पर विचारोत्तेजक परिचर्चा आयोजित की गई।कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र गुप्ता ने पार्टी का ध्वज फहराया। इसके पूर्व उन्हें एवं विमलेश सिंह को शाल–श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन की शुरुआत कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा दिए गए सत्याग्रह के विचारों के स्मरण के साथ हुई।

‘विपरीत परिस्थितियों में ही कांग्रेस निखरती है’

परिचर्चा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज देश के गरीब, किसान, नौजवान, महिला, दलित, आदिवासी और छोटे व्यापारी उसी प्रकार प्रताड़ना झेल रहे हैं, जैसी अंग्रेजी हुकूमत के दौर में थी। ऐसे समय में गांधीजी के सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर देश को बचाने की ज़िम्मेदारी कांग्रेस पर है।वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि परिस्थितियाँ भले ही कठिन हों, लेकिन इतिहास गवाह है—कांग्रेस ने हर बार संघर्ष से ही देश को दिशा दी है। हमें संख्या नहीं, बल्कि संगठित संघर्ष पर ध्यान केंद्रित करना होगा।विमलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा चिरस्थायी है, जिसे कोई भी फासीवादी सोच समाप्त नहीं कर सकती। युवा कार्यकर्ताओं के जोश और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्होंने देश को पुनः एकजुट करने का आह्वान किया।

‘जल–जंगल–ज़मीन की रक्षा के लिए संघर्ष’

पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि आज फासीवादी ताकतें अंग्रेजों जैसी परिस्थितियाँ पैदा कर रही हैं—मूल निवासियों को उनके जल, जंगल और ज़मीन से बेदखल कर पूंजीपतियों को लाभ पहुँचाया जा रहा है। कांग्रेस अपने संघर्ष के बल पर इस मंशा को ध्वस्त करेगी।निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि ‘बांटो और राज करो’ की नीति के विरुद्ध कांग्रेस ने हमेशा एकजुटता का मंच दिया है। आज भाजपा उसी नीति को आगे बढ़ा रही है—लोगों को बाँटकर संसाधनों की लूट और महिला अपराधों में लिप्त नेताओं को संरक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस इस विभाजन के खिलाफ देश को फिर संगठित करेगी।

‘मानवता के पक्ष में कांग्रेस’

प्रदेश महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस शोषण के विरुद्ध मानवता की स्थापना की राजनीति करती आई है। चुनावी लाभ के लिए समाज में विभाजन के बीज बोए जा रहे हैं, जिनसे संघर्ष के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है।पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने युवा कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस इस देश की ऐतिहासिक धरोहर है और उसकी विचारधारा ही भारत की बहुलता को एक सूत्र में बाँध सकती है।

इन नेताओं ने भी रखे विचार

परिचर्चा में ए.पी. सांडिल्य, लक्ष्मी गुप्ता और आतिश शुक्ला ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश कुमार ने किया।

इनकी भी रही उपस्थिति 

मो. इस्लाम, रामविनय सिंह, डॉ. लालचंद यादव, इंद्रजीत सिंह धंजल, अनिल सिंह, दुर्गेश गुप्ता, संजय सिंह, गुरूप्रीत सिद्धू, नरेंद्र विश्वकर्मा, जमील खान, राशिद अहमद, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल, अमित सिन्हा, आलोक सिंह, आशीष जायसवाल, प्रीति सिंह, गीता रजक, अमित सिंह, अविनाश कुमार, निखिल विश्वकर्मा, शिवप्रसाद अग्रहरि, दिनेश शर्मा, अमित वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।