कोणार्क रेजिडेंस कॉलोनी में चोरों का धावा, रिटायर्ड AGM के घर से करीब 20 लाख के जेवरात चोरी

कोणार्क रेजिडेंस कॉलोनी में चोरों का धावा, रिटायर्ड AGM के घर से करीब 20 लाख के जेवरात चोरी
कोणार्क रेजिडेंस कॉलोनी में चोरों का धावा, रिटायर्ड AGM के घर से करीब 20 लाख के जेवरात चोरी

अम्बिकापुर। शहर की पॉश कोणार्क रेजिडेंस कॉलोनी में बुधवार रात चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने नागरिक आपूर्ति निगम की रिटायर्ड AGM ललिता बावरा के सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरों में चार संदिग्ध युवक कैद हुए हैं, जिनकी शिनाख्त के लिए पुलिस जांच कर रही है। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।

सूने मकान को बनाया निशाना  

जानकारी के अनुसार, ललिता बावरा अपने परिवार के साथ गृहग्राम लुड़ेग गई थीं और घर में ताला बंद था। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में पहले घर के मुख्य दरवाजे और फिर अंदर के कमरे का ताला तोड़ा। अलमारी में रखे ज्वेलरी बॉक्स से सोने-चांदी के कीमती जेवरात चुरा लिए गए। ललिता ने कपड़ों के बीच 20 हजार रुपये नगद भी रखे थे, जो चोरों के हाथ नहीं लगे। 

दूसरे मकान में भी सेंधमारी, मगर खाली हाथ लौटे चोर

चोरों ने कॉलोनी की दूसरी लाइन में रणधीर नयन के सूने मकान को भी निशाना बनाया। रणधीर का परिवार रांची में रहता है, जिसके चलते चोरों को इस मकान से कुछ नहीं मिला। चोरों ने कॉलोनी के अन्य मकानों की भी रेकी की और ताला लगे घरों की तलाश की। 

पड़ोसी की सूचना पर खुला चोरी का राज

ललिता बावरा ने बताया कि रात में उनके पड़ोसी ने घर से अजीब आवाजें सुनकर उन्हें फोन पर सूचना दी। सुबह घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि ताले टूटे हैं और अलमारी से सारे जेवरात गायब हैं। घटना की सूचना गांधीनगर पुलिस को दी गई। 

पुलिस-फोरेंसिक टीम सक्रिय, सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध

सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान डॉग स्क्वायड ने घर से पश्चिमी बाउंड्रीवॉल तक का रास्ता ट्रेस किया, जहां घेराव का हिस्सा टूटा मिला। आशंका है कि चोर कम ऊंचाई वाली बाउंड्रीवॉल फांदकर कॉलोनी में दाखिल हुए। कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध युवक घरों में झांकते दिखे, लेकिन उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट व फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। 

कॉलोनी में दहशत, पुलिस ने दर्ज किया मामला 

ललिता बावरा की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पॉश कॉलोनी में हुई इस सनसनीखेज चोरी से निवासियों में दहशत का माहौल है। लोग घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।