सूरजपुर डैम हादसा: नहाने गए दो किशोरों की डूबने से संभवतः हुई मौत
सूरजपुर, 28 मई 2025 (ब्रेकिंग)। शहर से कुछ फासले पर नयनपुर स्थित डैम में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से संभवतः मौत हो गई है। दोनों बच्चे सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 12, भट्ठापारा के निवासी थे और इनकी उम्र लगभग 15 वर्ष बताई जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर सहित आसपास क्षेत्रों को शोक में डुबो दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उक्ताशय पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर नयनपुर डैम में नहाने गए थे। बताया जाता है कि नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए, जिसके कारण वे डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पहले भी हो चुकी हैं मौतें
नयनपुर डैम में डूबने की यह कोई पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस डैम में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। गहरे पानी और सुरक्षा के अभाव में यह डैम हादसों का कारण बनता रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से डैम के आसपास सुरक्षा उपायों, जैसे कि रेलिंग या चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
सुरक्षा उपायों की मांग
इस घटना ने एक बार फिर जलस्रोतों के पास सुरक्षा उपायों की कमी को उजागर किया है। स्थानीय लोग लंबे समय से नयनपुर डैम के आसपास बाड़बंदी और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग कर रहे हैं। एक ग्रामीण ने कहा, "प्रशासन को इस डैम के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए। अगर समय रहते कदम उठाए गए होते, तो शायद आज ये बच्चे हमारे बीच होते।"
थोड़ी सी सावधानी बचा सकती थी जान
यह दुखद हादसा एक बार फिर हमें सतर्क करता है कि बच्चों को जलस्रोतों के पास अकेले नहीं जाने देना चाहिए। स्थानीय जानकारों का कहना है कि अभिभावकों को अपने बच्चों पर नजर रखनी चाहिए और उन्हें गहरे पानी के खतरों के बारे में जागरूक करना चाहिए।
नोट- प्रारंभिक रूप से सामने आई अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार समाचार प्रसारित किया गया है।