166 महतारी सदनों को मंजूरी, 49.80 करोड़ रुपये जारी: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा महतारी सदन

166 महतारी सदनों को मंजूरी, 49.80 करोड़ रुपये जारी: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा महतारी सदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर 166 नए महतारी सदनों को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 49 करोड़ 80 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन न केवल महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक भागीदारी को भी बढ़ावा देंगे। 

368 महतारी सदन स्वीकृत, 50 से अधिक पूर्ण 

अब तक कुल 368 महतारी सदनों को मंजूरी मिल चुकी है, जिनमें से 50 से अधिक का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रत्येक महतारी सदन 2500 वर्गफुट में बनाया जाएगा, जिसमें कमरा, बरामदा, हॉल, किचन, स्टोररूम, ट्यूबवेल, वाटर हार्वेस्टिंग और सामुदायिक शौचालय जैसी सुविधाएं होंगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण भी किया जाएगा। 

5 साल में हर ग्राम पंचायत में महतारी सदन 

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं ने बैठक के लिए स्थान की कमी की शिकायत की थी, जिसके बाद महतारी सदन की परिकल्पना की गई। पहले चरण में हर विकासखंड में निर्माण शुरू हो चुका है और अगले 5 वर्षों में सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाए जाएंगे। प्रत्येक सदन की लागत 30 लाख रुपये होगी, जिसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मानक डिजाइन और प्राक्कलन तैयार किया है। 

महिलाओं के लिए आत्मनिर्भर भारत का नया कदम 

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महतारी सदन महिलाओं की क्षमता को देश के विकास से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से मजबूत करेगी, बल्कि सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान भी प्रदान करेगी।