एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल 10वें दिन भी जारी, मटका फोड़ और रंगोली से सरकार पर साधा निशाना
सूरजपुर, 27 अगस्त 2025।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 10वें दिन भी जोर-शोर से जारी रही। नियमितीकरण, ग्रेड पे और 27% लंबित वेतन वृद्धि सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने हाईटेक न्यू बस स्टैंड पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। मटका फोड़ कार्यक्रम और रंगोली बनाकर कर्मचारियों ने संविदा प्रथा खत्म करने की मांग को बुलंद किया, साथ ही प्रधानमंत्री के 100 दिन में नियमितीकरण के वादे को याद दिलाया।
महिलाओं ने तीजा पर्व के बीच दिया आंदोलन को बल
धरना स्थल पर तख्तियां और बैनर लिए कर्मचारियों ने "मोदी की गारंटी" के नारे बुलंद किए। महिला कर्मचारियों ने तीजा पर्व की परंपराओं को निभाते हुए आंदोलन में डटकर हिस्सा लिया। कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष बृजलाल पटेल और प्रवक्ता तोपान सिंह दायमा ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
स्वास्थ्य सेवाएं ठप, जनता परेशान
हड़ताल के कारण उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा। कर्मचारियों का कहना है कि सेवाओं के ठप होने की जिम्मेदारी उनकी नहीं, बल्कि सरकार के अड़ियल रवैये की है।
आंदोलन और उग्र करने की चेतावनी
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन जल्द उनकी मांगों पर लिखित निर्णय नहीं लेता, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। चार समूहों में बंटकर किए गए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने नेताओं के वादों को सबूत के तौर पर पेश किया और सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
इन कर्मचारियों ने दिखाया जोश
प्रदर्शन में डॉ. कुलदीप दुबे, संदीप नामदेव, राजेश कुमार द्विवेदी, बृजेश कुमार कुशवाहा, डॉ. सुभाष पटेल, विवेक सदन नाविक, सुरेश कुमार वर्मा, सतीश श्रीवास्तव, कुलदीप पैकरा, उमेश राजवाडे, समय लाल साहू, ज्ञानेंद्र पांडेय, संजय गुप्ता, उत्तरा कुमार महिलांगे, रश्मि मिश्रा, ओमप्रकाश राजवाडे, गिरजा मानकपुरी, शुभम अग्रवाल, मनीष गुप्ता सहित समस्त एनएचएम कर्मचारी शामिल रहे।