गोधनपुर और राजेन्द्रनगर में सुने मकानों से लाखों की चोरी का खुलासा, महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख के जेवर और सामान बरामद

गोधनपुर और राजेन्द्रनगर में सुने मकानों से लाखों की चोरी का खुलासा, महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख के जेवर और सामान बरामद

अम्बिकापुर, 21 अप्रैल 2025  । शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में सुने मकानों से की गई चोरी की घटनाओं का गांधीनगर पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमती सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप, कैसियो घड़ी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। बहरहाल सरगुजा पुलिस की यह कार्रवाई एक मिसाल के रूप में सामने आई है, जो संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्यवाही का उदाहरण प्रस्तुत करती है। पुलिस की सजगता और मेहनत से इन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

पहला मामला – गोधनपुर में चोरी की घटना

गोधनपुर निवासी प्रवीण कुमार टोप्पो ने 13 नवंबर 2024 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 3 नवंबर 2024 को वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था। 12 नवंबर 2024 को जब उसका भांजा घर आया, तो उसने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था। घर में जाकर देखा तो आलमारी और पेटी के ताले भी टूटे हुए थे और अंदर से सोने-चांदी के जेवर, एक लैपटॉप और अन्य सामान गायब थे। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 671/24 धारा 331(4), 305, 112, 61(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया था।

दूसरा मामला – राजेन्द्रनगर में चोरी की घटना

राजेन्द्रनगर निवासी राजेन्द्र प्रसाद गौतम ने 26 मार्च 2025 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 8 मार्च 2025 को वह घरेलू कार्य से रीवा गया था और 23 मार्च को वापस लौटा। घर में ताला टूटा हुआ था और जब उसने अंदर जाकर देखा, तो आलमारी और पेटी के ताले भी टूटे हुए थे। इसके अलावा सोने-चांदी के गहने, चांदी का शिवलिंग, स्मार्ट वॉच, जूते, साउंड बॉक्स, पर्स, ₹35,000 नगदी और अन्य सामान चोरी हो चुके थे। पुलिस ने इस मामले में भी अपराध क्रमांक 201/25 धारा 331(4), 305, 112, 61(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी

गांधीनगर पुलिस ने दोनों मामलों में गहन जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ समय पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों सागर सिंह चौहान, प्रहलाद वासुदेव, शांति सिंह और अंकित गुप्ता से पूछताछ की। इन आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गोधनपुर और राजेन्द्रनगर में सुने मकानों से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन आरोपियों से पहले भी चोरी का सामान बरामद किया गया था, जिसमें सर्विस राइफल AK-47, तीन मैगजीन, 90 राउंड और सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान शामिल था, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी।

बरामद सामान और आरोपियों की निशानदेही

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोधनपुर और राजेन्द्रनगर में चुराए गए सामानों की बरामदगी की। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किए गए सोने-चांदी के गहनों और सिक्कों को प्लास्टिक डब्बे में भरकर घर के किचन में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखते थे। साथ ही, लैपटॉप और कैसियो घड़ी को पेटी में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपियों के घर से एक नग सोने की चैन, एक सोने का कंगन, एक सोने का हार, एक जोड़ी झुमका, सात अंगूठियां, चांदी के सिक्के, एनटीपीसी का एक बड़ा सिक्का, चांदी की अन्य सामग्री, एक कैसियो घड़ी और एक लैपटॉप बरामद किया। इन सभी सामानों की कीमत करीब 5 लाख रुपये है। बहरहाल गांधीनगर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया था, ताकि उनसे और अधिक जानकारी प्राप्त की जा सके। रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद आरोपियों को पुनः न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय कार्यवाही

इस सफलता में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, उप निरीक्षक नवल दुबे, स्पेशल टीम प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, महिला आरक्षक तेजेश्वरी राजवाड़े, आरक्षक मनीष सिंह, आनंद गुप्ता, विकास सिंह, अरविंद उपाध्याय, राहुल सिंह और ऋषभ सिंह की सक्रिय भूमिका रही।