साहित्यकार सत्येंद्र गुप्ता का दूसरा कविता संग्रह "शब्दों की अनभिव्यक्ति" का भव्य विमोचन

साहित्यकार सत्येंद्र गुप्ता का दूसरा कविता संग्रह "शब्दों की अनभिव्यक्ति" का भव्य विमोचन

सूरजपुर। जिले के साहित्यिक आकाश में एक नया सितारा चमका, जब नवोदित कवि और साहित्यकार श्री सत्येंद्र कुमार गुप्ता के दूसरे कविता संग्रह "शब्दों की अनभिव्यक्ति" का भव्य विमोचन रविवार को संघ कार्यालय सेवाकुंज, सूरजपुर में हुआ। ग्राम बैजनाथपुर, भैयाथान के साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर साहित्य की दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले सत्येंद्र की यह उपलब्धि न केवल जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है।विमोचन समारोह में कोरिया विभाग के प्रचारक  नागेश नाथ योगी, जिला संघ चालक दुर्गाचरण सिंह, कोरिया जिला सह संघ चालक  नरेश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी देवपाल पैकरा, जिला पंचायत सदस्य  बाबूलाल मरापंपो, विभाग प्रचार प्रमुख  दिनेश सिंह, जिला कार्यवाह अनिश गुप्ता और जिला सह कार्यवाह विजय शर्मा ने अपने कर-कमलों से काव्य संग्रह का लोकार्पण किया। इस मौके पर विभाग समरसता प्रमुख  अरुण कन्नोजे,  विरेश सिंह,  बलदाऊ, विनोद वैष्णव सहित जिले के कई गणमान्य बंधु उपस्थित रहे, जिन्होंने सत्येंद्र के साहित्यिक योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। आपकों बताते चलें कि वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोनगरा में भौतिक विज्ञान के व्याख्याता के रूप में कार्यरत सत्येंद्र की जीवन गाथा किसी प्रेरणा से कम नहीं। विपरीत परिस्थितियों से जूझते हुए, कठिन संघर्ष के साथ साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले सत्येंद्र की कविताएं भावनाओं, जीवन दर्शन और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम हैं। उनकी रचनाओं ने समारोह में उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, और "शब्दों की अनभिव्यक्ति" को साहित्य प्रेमियों के लिए एक अनमोल तोहफा बताया गया। वहीं दूसरी तरफ कार्यक्रम में वक्ताओं ने सत्येंद्र के साहित्यिक सफर को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनकी कविताएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखती हैं। यह काव्य संग्रह निश्चित रूप से साहित्य जगत में एक नई ऊंचाई को छूने को तैयार है। सूरजपुर के इस साहित्यिक रत्न की उपलब्धि पर जिला गौरवान्वित है, और सत्येंद्र की लेखनी से भविष्य में और भी रत्नों की उम्मीद की जा रही है।