'ऑपरेशन सिंदूर' की गौरवगाथा: भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सेना के शौर्य को किया नमन

'ऑपरेशन सिंदूर' की गौरवगाथा: भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सेना के शौर्य को किया नमन
'ऑपरेशन सिंदूर' की गौरवगाथा: भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सेना के शौर्य को किया नमन

भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा शहर व गांव ,विधायक, कलेक्टर सहित हजारों लोग हुए शामिल  

अम्बिकापुर, 17 मई 2025। 'ऑपरेशन सिंदूर' की ऐतिहासिक सफलता के सम्मान में शनिवार को सरगुजा जिले में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहर से लेकर गांव-गांव तक आयोजित इस यात्रा में विधायक, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगे के साथ कदमताल करते हजारों लोग, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से वातावरण को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। बहरहाल यह तिरंगा यात्रा न केवल सेना के पराक्रम को नमन करने का अवसर थी, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और एकजुटता का प्रतीक भी बनी। जिले के हर कोने में आयोजित इस यात्रा ने राष्ट्रवाद और एकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया

शहर-गांव में देशभक्ति का ज्वार  

यात्रा का शुभारंभ शहर के प्रमुख स्थानों, नगरीय क्षेत्रों और ग्रामीण पंचायतों से हुआ। यह रैली मुख्य चौक-चौराहों, गलियों और सड़कों से गुजरती हुई आगे बढ़ी। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विलास भोसकर सहित प्रशासनिक अमला और हजारों नागरिकों ने इसमें शिरकत की। हाथों में तिरंगा थामे, देशभक्ति के नारे लगाते हुए लोगों के चेहरों पर सैन्य शौर्य के प्रति गर्व और राष्ट्रीय एकता की भावना साफ झलक रही थी।  

सैनिकों के पराक्रम को सलाम  

विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा, "यह तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों के शौर्य और ऑपरेशन सिंदूर की अभूतपूर्व सफलता को समर्पित है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने बेगुनाह पर्यटकों की निर्मम हत्या की थी, जिसका करारा जवाब हमारी सेना ने आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करके दिया। आज पूरा विश्व हमारी सैन्य शक्ति का लोहा मान रहा है।"  

कलेक्टर विलास भोसकर ने कहा, "इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित करना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को विश्व पटल पर स्थापित किया है।"  

नारों और जोश से गूंजा अम्बिकापुर शहर व ग्रामीण क्षेत्र

यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और सेना के सम्मान में नारे गूंजते रहे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग ने तिरंगे के साथ कदम मिलाकर सेना के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।